वाराह क्षेत्र पहुंचे डीएम, एप्रोच पूरा कराने का निर्देश
भानपुर तहसील क्षेत्र के वाराह क्षेत्र में पुल निर्माण कार्य की जानकारी लेते जिलाधिकारी रवीश गुप्ता।
14 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से वाराह क्षेत्र में हुआ है पुल का निर्माण
एप्रोच मार्ग का निर्माण नहीं होने से बड़े वाहनों का नहीं हो पा रहा आवागमन
बस्ती/यूपी: जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने गुरुवार को भानपुर तहसील क्षेत्र के वाराह क्षेत्र में पहुंच कर पुल निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पुल के एप्रोच मार्ग का निर्माण कर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। यहां पर अप्रोच मार्ग का निर्माण नहीं होने से बड़े वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। साथ ही कई लोग हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। ऐसे में जिलाधिकारी की सख्ती के बाद अब जल्द एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुआनो नदी के प्रसिद्ध वाराह क्षेत्र में 14 करोड़ 58 लख रूपये की लागत से सेतु निगम इकाई गोंडा द्वारा पुल का निर्माण कार्य पूरा कराया गया है। लेकिन वर्षा के चलते पुल के एप्रोच मार्ग का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांव के दस हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। पुल का निर्माण होने से दस किलोमीटर की दूरी भी कम हुई है।
अभी तक सिर्फ दो पहिया वाहन से ही आवागमन कर पा रहे हैं। एप्रोच मार्ग नहीं बनने से बड़े वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। जिलाधिकारी ने सेतु निर्माण निगम के सहायक अभियंता अशोक तिवारी से निर्माण के बारे में जानकारी ली और जल्द एप्रोच का निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष वाल्टरगंज मोती चंद को पुल से जुड़े निर्माण सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने का निर्देश दिया।
इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि अजगैवा जंगल चंद्रशेखर चौधरी, सेतु निर्माण निगम के मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रिंस सिंह, अर्जुन सिंह, संतराम मौर्य, सचिव अरुणेश पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
PTC LIVE SAMVAD