मूर्ति स्थल विवाद को लेकर अलर्ट पुलिस और प्रशासन

 

तहसील प्रशासन ने घुरहूपुर विवाद का लिया जायजा


बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र का मामला


बस्ती/यूपी: गौर थाना क्षेत्र के घुरहूपुर गांव में शनिवार को नायब तहसीलदार भानपुर पूजा वर्मा पहुंची। उन्होंने मां दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थल को लेकर चल रहे विवाद के बारे में जानकारी ली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ त्यौहार संपन्न कराने को कहा। 



घुरहूपुर गांव में परंपरागत तरीके से दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। इस वर्ष भी गांव के लोगों द्वारा उसी स्थल पर मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की गई है। गांव के ही एक पक्ष के द्वारा दुर्गा पूजा प्रतिमा स्थल को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है। दूसरे पक्ष का कहना है कि वह स्थान हरिजन आबादी के नाम से दर्ज है। ऐसे में लोग स्थान बदलने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर एक दिन पूर्व दोनों पक्ष की कुल 23 महिलाओं का पुलिस ने शांति भंग में चालान भी किया था। गांव में इसको लेकर दोनों पक्ष की महिलाएं एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। ऐसे में पुलिस लगातार गांव पर नजर बनाए हुए हैं। पूरे मामले की जानकारी के लिए शनिवार को उप जिलाधिकारी भानपुर आशुतोष तिवारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार पूजा वर्मा ने गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों की महिलाओं से बात करके पूरे मामले की जानकारी ली। नवरात्र त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को कहा। 

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर, चौकी प्रभारी टिनिच सचिंद्र, हल्का लेखपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।