अयोध्या घूमने गए बस्ती के दो दोस्त डूबे
बस्ती/यूपी: जिले के दो अलग- अलग गांव निवासी दो किशोर अयोध्या में नहाते समय नदी में डूब गए। एक किशोर का शव पुलिस ने गोताखोरों के मदद से बरामद किया है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच शुक्ल ग्राम पंचायत के रेहरवा पुरवा निवासी 16 वर्षीय शिवम सोनकर पुत्र अशोक सोनकर अपने दोस्त कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मझौवा चौबे गांव निवासी 17 वर्षीय अनूप यादव पुत्र धर्मराज यादव के साथ बुधवार की दोपहर मनवर संगम एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचे। रात में दोनों वहीं रुके। अगली सुबह दोनों नहाने के लिए सरयू नदी के किनारे पहुंच गए और नहाते समय दोनों नदी में डूब गए। घाट पर मिले कपड़े, मोबाइल, बैग व अन्य सामान के सहारे पुलिस ने घर वालों को सूचना दी। शिवम सोनकर के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अनूप की तलाश के लिए लगातार पुलिस की ओर से प्रयास किया जा रहा है। अनूप के स्वजन अयोध्या में मौजूद हैं। शिवम के मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। दीपावली की खुशियां हम में तब्दील हो गई। पूरे गांव गमगीन है।